टॉप न्यूज़दिल्ली NCRबिजनौरयूपी

सीडीओ रणविजय सिंह ने मतदाता जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

 बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद में लोकतंत्र के उत्सव की धूम रही। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ रविवार प्रातः मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने लूईस पार्कर इंटर कॉलेज के मैदान से स्कूली छात्र-छात्राओं की मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई इंदिरा बाल भवन पहुंची, जहां मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। सीडीओ रणविजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में मील का पत्थर है, क्योंकि इसी दिन भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि मतदाता पहचान पत्र न केवल मतदान का अधिकार है, बल्कि यह नागरिक की पहचान का सशक्त माध्यम भी है। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि अपनी शक्ति और प्रतिभा को पहचानें और किसी के पीछे चलने के बजाय स्वयं एक प्रभावशाली व्यक्तित्व बनें। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की सामूहिक शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नाटकों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया, वहीं मशहूर जादूगर एनए पाशा ने अपनी जादू कला से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी श्री लेखराज सिंह को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही, निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सुपरवाइजर्स, बीएलओ और मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व छात्रवृत्ति पत्र प्रदान किए गए।

समारोह में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वान्या सिंह, एसडीएम सदर रितु चौधरी और परियोजना निदेशक दिनकर विद्यार्थी सहित जनपद के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!