टॉप न्यूज़बिजनौरराजनीतिलोकल न्यूज़विकास

जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना

बिजनौर में 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया, 1 दिसंबर से घर-घर जनसंख्या गणना का फील्ड ऑपरेशन

बिजनौर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्व-गणना, घर-घर गणना, अधिकारियों के प्रशिक्षण और कार्ययोजना पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को जनगणना का काम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक फील्ड ऑपरेशन के तहत जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। वहीं, 5 से 9 जनवरी तक रिवीजन राउंड आयोजित होगा। बैठक में बेघर आबादी की गणना से जुड़ी प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।

स्व-गणना में पूछे जाएंगे 40 प्रकार के प्रश्न

बैठक में अधिकारियों को स्व-गणना के दौरान आमजन से पूछे जाने वाले 40 प्रकार के प्रश्नों की जानकारी दी गई। चार्ज अधिकारियों को हाउसहोल्ड ब्लॉक और एन्यूमरेशन ब्लॉक के गठन एवं प्रबंधन के साथ जनगणना से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं के बारे में भी समझाया गया।

समय-सीमा और नियमों के पालन पर जोर

मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके आंकड़े विभिन्न विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में उपयोगी होते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय से पूरी करने तथा कार्य में गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जनगणना अधिनियम की संबंधित धाराओं और कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई, ताकि अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन नियमों के अनुरूप कर सकें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहित जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!