बिजनौर। जनपद में संचालित राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में अगस्त 2026 से शुरू हुए प्रशिक्षण सत्र में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पंचम चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चार चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी कुछ संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों की सीटें रिक्त रह गई हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से प्रवेश प्रक्रिया जारी की गई है।
राजकीय आईटीआई बिजनौर के नोडल प्रधानाचार्य मंजुल मयंक ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अभी तक किसी संस्थान में उनका चयन नहीं हुआ है, वे रिक्त सीटों के सापेक्ष अपने विकल्प में परिवर्तन कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों का पूर्व में चयन हो गया था, लेकिन किसी कारणवश वे प्रवेश नहीं ले सके, वे भी रिक्त सीटों के लिए विकल्प परिवर्तन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन नहीं किया था, वे इस चरण में नया आवेदन भी कर सकते हैं। इसके अलावा पूर्व में आईटीआई में प्रवेश लेने के बाद किसी कारणवश नाम कटवा चुके अभ्यर्थियों को भी रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन करने का अवसर दिया गया है।
रिक्त सीटों का विवरण राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट scvtup.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक पूर्व आवेदन में विकल्प परिवर्तन अथवा नए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी कर सकते हैं।नोडल प्रधानाचार्य ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध रिक्त सीटों और ट्रेडों का विवरण देखकर निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।


