बरेली। जिले के देवरनियां थाना क्षेत्र में 80 वर्षीय वृद्धा के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई किए जाने का मामला सामने आया है। जमुनिया गांव निवासी रामा देवी ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह से शिकायत कर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। शिकायत के बाद डीएम ने सात सदस्यीय कमेटी गठित कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
पेड़ काटने की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, रामा देवी के पति का काफी समय पहले निधन हो चुका है। वृद्धा का आरोप है कि उनकी जमीन पर लगे पेड़ों को काटकर बेच दिया गया। इस संबंध में उन्होंने देवरनियां थाने में शिकायत की थी।
आरोप है कि मामले में कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने रामा देवी और संबंधित आरोपी युवक के खिलाफ शांतिभंग की आशंका के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें मुचलका पाबंद कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
रामा देवी की उम्र करीब 80 वर्ष है। वह छड़ी और व्हीलचेयर के सहारे चलती हैं। ऐसे में उनके खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वृद्धा ने जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर जिलाधिकारी ने सात सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं।


