
(स्कूल की प्रतिकात्मक फोटो)
बिजनौर, 16 सितंबर। मंडावर रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल में छात्रों के दो गुटों के बीच लगातार दूसरे दिन विवाद होने का मामला सामने आया है। बुधवार को झगड़ा शांत कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ भी छात्रों द्वारा कथित रूप से धक्का-मुक्की किए जाने की बात सामने आई है। घटना में तीन छात्रों के चोटिल होने की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को स्कूल के पिछले गेट के पास छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने उत्पात कर रहे करीब एक दर्जन छात्रों को पुलिस वाहन में बैठा लिया। बाद में स्कूल प्रबंधन के हस्तक्षेप से मामला शांत करा दिए जाने की बात बताई गई।
बताया जाता है कि बुधवार को एक बार फिर छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने छात्रों को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ छात्र उग्र हो गए और उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।
मौके पर मौजूद अध्यापकों और अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर उग्र छात्रों को काबू किया। घटना में तीन छात्रों के चोटिल होने की सूचना है। पुलिस और स्कूल प्रबंधन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई अथवा किसी छात्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध नहीं हो सकी थी। घटना के बाद स्कूल के अंदर व आसपास कई पुलिस की गाड़ियों का जमावड़ा काफी समय तक लगा रहा।
बताया जाता है कि इस स्कूल के पास पूर्व में पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती थी। लेकिन कुछ सप्ताहो से यहां से पुलिस बल को हटा लिया गया है। इसके बाद आये दिन यहां उपद्रवी युवक उत्पात मचाते रहते हैं। जिससे अन्य स्कूली बच्चों को परेशानी होती है।
