बिजनौर, 31 अक्टूबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक नवंबर 2026 (रविवार) को इंदिरा बाल भवन, निकट नुमाइश ग्राउंड, बिजनौर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसका उद्देश्य आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वाती चंद्रा ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों पर जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय कुमार सप्तम के मार्गदर्शन में इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर में विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जागरूकता शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता और उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न सरकारी विभाग अपने स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ेंगे। विभागों की ओर से शिविर से पहले ही लाभार्थियों का चिन्हीकरण किया जा चुका है।
सचिव ने बताया कि संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। इसमें विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी।
शिविर की तैयारियों को लेकर कृषि, वन, नगरीय विकास (डूडा), स्वास्थ्य, जिला प्रोबेशन, समाज कल्याण, मत्स्य, उद्योग, डाक, परिवहन, श्रम, दिव्यांगजन विभाग और नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें भी की जा चुकी हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वाती चंद्रा ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे एक नवंबर को इंदिरा बाल भवन पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं और उपलब्ध विधिक सहायता एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।


