बिजनौर, 07 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को बिजनौर में सेवा संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा से पहले इंदिरा बाल भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सेवा संकल्प यात्रा में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
इंदिरा बाल भवन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम का संचालन रवि चौधरी ने किया।
नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद सेवा संकल्प यात्रा इंदिरा बाल भवन से शुरू हुई। यात्रा नगर के प्रदर्शनी चौक, शास्त्री चौराहे से होते हुए नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।
यात्रा के समापन के बाद नगर पालिका परिषद स्थित महात्मा डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी मंत्री ने मीडिया से बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, नहटौर विधायक ओम कुमार, भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी, नगर पालिका परिषद बिजनौर की अध्यक्ष इंदिरा सिंह, डॉ. बीरबल सिंह, जिला पंचायत प्रशासक साकेन्द्र प्रताप सिंह, हरजीत कौर, दीपक गर्ग ‘मोनू’, मनदीप चौधरी और ललित चौधरी समेत पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।




