
बिजनौर। महात्मा विदुर राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बिजनौर की प्रधानाचार्य डॉ. चौधरी ललिता ने शुक्रवार को नवनियुक्त जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें पौधा भेंट किया।
मुलाकात के दौरान मेडिकल कॉलेज और उससे संबद्ध अस्पताल की व्यवस्थाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। प्रधानाचार्य ने कॉलेज और अस्पताल में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी जिलाधिकारी को दी। दोनों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ करने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
प्रधानाचार्य डॉ. चौधरी ललिता ने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में मेडिकल कॉलेज और संबद्ध अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
भेंट के दौरान जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के बीच समन्वय के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया। बताया गया कि जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह जल्द ही मेडिकल कॉलेज और संबद्ध अस्पताल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

