टॉप न्यूज़देशयूपी

दोस्ती में खौफनाक वारदात:शराब पिलाकर कार से बांधकर करीब एक किलोमीटर घसीटने का आरोप

हरदोई। हरदोई जिले में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने दोस्त को शराब पिलाने के बाद कार के पीछे बांध दिया और करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर घसीटा। इसके बाद उसे मरा समझकर सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को परिजनों ने तलाश के दौरान बरामद कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के पंडितपुरवा निवासी बबलू राठौर (40) पिहानी चुंगी पर लोहे आदि की दुकान चलाते हैं। उनकी हरियावां थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव निवासी विमलेश राठौर से दोस्ती बताई गई है, जो टायर बेचने का काम करता है।

बबलू के बेटे शिवम के अनुसार, विमलेश के कुछ रुपये शाहाबाद क्षेत्र के एक व्यक्ति पर बकाया थे। इसी सिलसिले में वह तकादा करने गया था और बबलू भी उसके साथ गया था। शनिवार को दोनों शाहाबाद से लौटने के दौरान बबलू की ससुराल और बहन के घर भी गए थे।

कुइयां के पास घायल अवस्था में मिले

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान विमलेश ने बबलू को शराब पिलाई और बाद में कार के पीछे बांधकर करीब एक किलोमीटर तक घसीटा। इसके बाद उसे पिहानी कोतवाली क्षेत्र के कुइयां के पास सड़क किनारे छोड़ दिया गया। बबलू के देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान वह कुइयां के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले।परिजन उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

घटना की जानकारी मिलने पर सीओ हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम ने मौके का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। कोतवाल एसएन सिंह के मुताबिक, बबलू के बेटे शिवम की शिकायत पर विमलेश और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जानलेवा हमले से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!