टॉप न्यूज़यूपीविकास

श्रीजी मॉडल से राजस्व विवादों के त्वरित समाधान पर जोर

नवागत मंडलायुक्त संगीता सिंह ने संभाला कार्यभार, मुरादाबाद मंडल के समग्र विकास को बताया अपनी प्राथमिकता

             मुरादाबाद मंडलायुक्त संगीता सिंह (फोटो)

मुरादाबाद। नवागत मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मंगलवार को मुरादाबाद मंडलायुक्त का कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने मंडल के मुरादाबाद, बिजनौर, संभल, अमरोहा और रामपुर जिलों के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया।
मंडलायुक्त ने कहा कि जमीनी एवं राजस्व विवादों के पारदर्शी और त्वरित निस्तारण के लिए मंडल में ‘श्रीजी मॉडल’ लागू किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक मंगलवार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडल के एक जिले की सभी तहसीलों को सीधे जोड़ा जाएगा।              प्रत्येक तहसील से लंबे समय से लंबित और गंभीर प्रकृति के पांच से छह राजस्व प्रकरणों का चयन कर मंडलायुक्त के समक्ष उनका प्रस्तुतिकरण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य विवादों के निस्तारण में तेजी लाने के साथ-साथ प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
संगीता सिंह ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में टीम भावना, आपसी समन्वय और अधिकारियों का मार्गदर्शन उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा रहेगा। मंडल के सभी अधिकारी एक-दूसरे के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने मंडल के औद्योगिक विकास पर भी विशेष जोर दिया। इसके लिए प्रमुख निर्यातकों, हस्तशिल्पियों तथा छोटे एवं मध्यम उद्यमियों (एमएसएमई) से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और औद्योगिक गतिविधियों में आ रही बाधाओं की पहचान की जाएगी। इसके आधार पर संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने पोषण 2.0 अभियान को भी प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सक्षम सामाजिक संस्थाओं और औद्योगिक घरानों के सहयोग से पोषण संबंधी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके।
संगीता सिंह इससे पहले सुल्तानपुर की जिलाधिकारी और आयुष्मान भारत की राज्य मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। मुरादाबाद मंडलायुक्त के रूप में कार्यभार संभालने से पहले वह अलीगढ़ मंडलायुक्त के पद पर भी कार्यरत रही हैं। अंत में उन्होंने पवित्र सावन मास, रक्षाबंधन और मिलादुन्नबी के अवसर पर मुरादाबाद मंडल के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!