

नजीबाबाद,19 सितंबर। जिला सेवायोजन कार्यालय, बिजनौर एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नजीबाबाद के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय आईटीआई परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
रोजगार मेले में करीब 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न रोजगार अवसरों की तलाश में 865 अभ्यर्थी पहुंचे। कंपनियों द्वारा निर्धारित चयन प्रक्रिया के बाद 532 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। वहीं, कार्यक्रम के दौरान 32 चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों के अनुसार, रोजगार मेले का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में नजीबाबाद के ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह देशवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नजीबाबाद के प्रधानाचार्य आंचल कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी विशाल राठी, प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी पंकज चौधरी, प्रधान सहायक आईटीआई बिजनौर राकेश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मेले के आयोजन में कपिल पाराशर, अमरकांत पाल, देवेंद्र सिंह, जीवन सिंह, संजय कुमार, प्रदीप कुमार और मुकुल कुमार सहित अन्य कर्मचारियों का सहयोग रहा।


