
जहाज का प्रतिकात्मक फोटो
भुवनेश्वर, 23 अगस्त। बंगाल की खाड़ी में ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 नॉटिकल मील (लगभग 444 किलोमीटर) दूर शनिवार को पनामा के झंडे वाला मालवाहक जहाज ‘ओशन विनर’ डूब गया। जहाज पर चालक दल के 24 सदस्य सवार थे। इनमें 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक दो लोगों को लाइफ राफ्ट से सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक जहाज ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था। गुरुवार को पारादीप से निकलने के बाद शनिवार को समुद्र में जहाज से भारतीय तटरक्षक बल का संपर्क टूट गया। इसके बाद तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पोर्ट ब्लेयर से दो जहाज रवाना
तटरक्षक बल के प्रवक्ता कमांडेंट अमित उनियाल के अनुसार, लापता चालक दल की तलाश के लिए श्री विजयपुरम (पूर्व नाम पोर्ट ब्लेयर) से दो जहाज रवाना किए गए हैं। समुद्र में तलाशी अभियान लगातार जारी है और बचाव दल लाइफ राफ्ट तथा अन्य संभावित स्थानों की तलाश कर रहे हैं। पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के डिप्टी कंजरवेटर कैप्टन अलेखा चरण साहू ने चालक दल के सदस्यों की सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की जा रही है और बचाव अभियान पर लगातार नजर रखी जा रही है।



