
बिजनौर। चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिजनौर में देहदान के प्रति जागरूकता की एक सराहनीय पहल सामने आई है। शादीपुर गांव, पोस्ट मंडावर निवासी महाराज सिंह ने मृत्योपरांत अपना शरीर महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बिजनौर को दान करने का संकल्प लिया है। इस संबंध में उन्होंने मेडिकल कॉलेज के शरीर संरचना विज्ञान (एनाटॉमी) विभाग में निर्धारित फॉर्म भरकर शपथ पत्र सौंपा।

महाराज सिंह का कहना है कि मृत्यु के बाद भी उनका शरीर समाज के काम आ सके, इसी उद्देश्य से उन्होंने यह निर्णय लिया है। उनके इस कदम से मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत एमबीबीएस के विद्यार्थियों को शारीरिक संरचना का व्यावहारिक अध्ययन करने तथा चिकित्सा अनुसंधान में सहायता मिल सकेगी।
इस मौके पर उनके साथ मौजूद डॉ. सतेंद्र कुमार शर्मा ने भी देहदान का संकल्प लेते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए निर्धारित फॉर्म भरा। एनाटॉमी विभाग में डॉ. विदित दीक्षित ने महाराज सिंह से देहदान संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराते हुए उनका शपथ पत्र प्राप्त किया और इस निर्णय के लिए आभार जताया।
डॉ. आलोक त्रिपाठी और डॉ. विदित दीक्षित ने देहदान को चिकित्सा शिक्षा और मानव सेवा के लिए महत्वपूर्ण योगदान बताते हुए कहा कि इससे भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण और शोध कार्यों को मजबूती मिलती है। वहीं डॉ. चौधरी ललिता ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह एक बड़ा निर्णय है, जिसके लिए मेडिकल कॉलेज हमेशा आभारी रहेगा।
चिकित्सकों ने आमजन से भी देहदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और स्वेच्छा से इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने की अपील की। उनका कहना है कि अंगदान के साथ-साथ देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है, ताकि चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें।


