
नजीबाबाद (बिजनौर)। दीपावली प्रकाश, खुशियों और आपसी प्रेम का पर्व है। इस अवसर पर हम सभी एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं और मिठाई के डिब्बों का आदान-प्रदान करते हैं। लेकिन क्या कभी हमने सोचा है कि इस परंपरा का वास्तविक लाभ किसे मिल रहा है? क्या मिठाई के डिब्बों का आदान-प्रदान केवल एक औपचारिकता बनकर रह गया है? इन सवालों पर समाज को आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है।
सिद्धबली विहार कॉलोनी, नजीबाबाद निवासी धनीराम सिंह का मानना है कि दीपावली पर मिठाई बांटने की परंपरा पर एक बार नए दृष्टिकोण से विचार करना चाहिए।
उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि दीपावली पर एक व्यक्ति दूसरे के घर मिठाई का डिब्बा लेकर जाता है। दूसरा व्यक्ति तीसरे के घर, तीसरा चौथे के घर मिठाई पहुंचाता है। इस प्रकार एक ही मिठाई का डिब्बा अनेक घरों में घूमता रहता है और कई बार अंततः उसी व्यक्ति के पास वापस पहुंच जाता है, जहां से इसकी शुरुआत हुई थी। यह परंपरा कहीं न कहीं केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।
मिठाई की गुणवत्ता और स्वास्थ्य पर भी दें ध्यान
धनीराम सिंह का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजार में मिलने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत है। कई बार मिलावटी, बासी अथवा दूषित मिठाइयां लोगों के घरों तक पहुंच जाती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। आज लगभग हर परिवार में मधुमेह के मरीज मिल जाते हैं। इसके बावजूद त्योहारों पर इतनी मिठाइयों का आदान-प्रदान होता है कि उनका सेवन करना भी मुश्किल हो जाता है।
गरीबों, अनाथ बच्चों और बुजुर्गों के साथ बांटें खुशियां
उन्होंने कहा कि मिठाई बांटते समय भी हम अनजाने में सामाजिक और आर्थिक स्तर का ध्यान रखते हैं। हमें इस सोच से बाहर निकलना चाहिए। यदि मिठाई पर धन खर्च करना ही है तो किसी गरीब परिवार, अनाथालय अथवा वृद्धाश्रम में जाकर जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांटनी चाहिए।
धनीराम सिंह बताते हैं कि वह स्वयं किसी के घर मिठाई बांटने नहीं जाते। दीपावली पर उनके घर जो मिठाई के डिब्बे आते हैं, उन्हें एकत्र करके अनाथालय में दे आते हैं। उनका मानना है कि हममें से अधिकांश लोग संपन्न हैं, लेकिन समाज में ऐसे अनेक लोग हैं जिन्हें हमारी छोटी-सी मदद और स्नेह की अधिक आवश्यकता है।
सड़क दुर्घटनाओं से बचें, परिवार के साथ मनाएं त्योहार
उन्होंने दीपावली पर मिठाई बांटने के लिए होने वाली भागदौड़ की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। एक ही दिन में अनेक घरों तक मिठाई पहुंचाने के लिए परिवार के दो-तीन सदस्य सुबह से शाम तक मोटरसाइकिल से दौड़ते रहते हैं। इससे अनावश्यक भागदौड़ और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बेहतर होगा कि लोग अपने घर पर रहकर परिवार के साथ सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाएं।
मिठाई के डिब्बे की जगह पुस्तक भेंट करें
धनीराम सिंह ने समाज से एक सार्थक पहल करने की अपील करते हुए कहा कि यदि दीपावली पर मिठाई खरीदने के लिए धन खर्च करना है तो उसके स्थान पर अच्छी पुस्तकों की खरीद पर खर्च करें। मिठाई के डिब्बे की जगह किसी को एक उपयोगी पुस्तक भेंट करें, ताकि समाज में पढ़ने-लिखने की संस्कृति विकसित हो और ज्ञान का प्रकाश फैले।
उन्होंने अपने विचारों के अंत में कहा कि यह किसी पर थोपा गया विचार नहीं, बल्कि समाज के हित में एक व्यक्तिगत चिंतन है। सभी लोग इस पर एक बार अवश्य विचार करें। यदि विचार उचित लगे तो इसे दूसरों तक भी पहुंचाएं।
‘अप्प दीपो भवः’ अर्थात अपना दीपक स्वयं बनो। दीपावली पर केवल घरों में ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों और ज्ञान का प्रकाश फैलाएं।



