कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ मचने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जानकारी में 17 लोगों की मौत हुई थी, बाद में दो और लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई। घायलों में 24 लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई गई, जबकि एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार शाम करीब 7ः30 बजे हुआ। उस समय पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे और बारिश भी हो रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक, भीड़ और फिसलन के कारण कुछ लोग गिर पड़े, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
संकरी जगह और रोशनी की कमी के आरोप
घटनास्थल पर चश्मदीदों के अनुसार पंडाल के आसपास की संकरी जगह, पर्याप्त रोशनी की कमी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय वहां पर्याप्त सुरक्षाकर्मी और स्वयंसेवक मौजूद नहीं थे। एक पीड़ित ने बताया कि वह अपने परिवार के बच्चों के साथ वहां मौजूद था और इस घटना में उसके दो बच्चे अस्पताल में भर्ती हुए।
91 वर्षो से हो रहा है दुर्गा पूजा का आयोजन
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरबागान में दुर्गा पूजा का आयोजन करीब 91 वर्षों से किया जा रहा है। इतने लंबे समय में इस तरह की घटना पहली बार सामने आने की बात कही जा रही है।
मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को नौकरी उपलब्ध कराने की घोषणा की है। घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। साथ ही, घायलों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की बात भी कही गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जांच कोलकाता हाईकोर्ट के न्यायाधीश से कराने की घोषणा की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद चोरबागान पूजा पंडाल को सील कर दिया गया है और वहां लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राहुल,खड़गे व ममता ने भी दुख व्यक्त किया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी घटना पर दुख जताया।
दूसरी ओर ममता बनर्जी के भतीजे एवं टीएमसी सांसद अभिशेक बनर्जी का कहना है कि हमारे खानदान ने पहले कभी ऐसा नहीं देखा था। कोलकाता पुलिस, पश्चिम बंगाल पुलिस व शेभेन्द्रु अधिकारी को शर्म आनी चाहिए। मां दुर्गा शोक संतप्त परिवार को शक्ति व सांतवना दे और घायलो को जल्द स्वास्थ्य होने का आर्शीवाद दें।




