ताकत के बल पर जनता को रोकना भाजपा की भूल होगी- अखिलेश यादव
बोले- ‘किसी के रोके नहीं रुकेगा, अब दिल्ली में देश जुटेगा’, युवाओं के आंदोलन का किया समर्थन
लखनऊ, 10 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने युवाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ताकत के बल पर जनता को रोकने की कोशिश करती है, तो यह उसकी बड़ी भूल साबित होगी। अखिलेश ने जंतर-मंतर को नई चेतना और जागरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि अब दिल्ली में देश जुटेगा।
अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “किसी के रोके नहीं रुकेगा, अब दिल्ली में देश जुटेगा! हम देश की युवा ऊर्जा के साथ हैं।”
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार यह सोचती है कि ताकत के बल पर जनता को रोका जा सकता है, तो यह उसकी और भी बड़ी भूल होगी। उनके मुताबिक, जंतर-मंतर अब केवल एक स्थान नहीं, बल्कि नई चेतना और जागरण का प्रतीक बन गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आंदोलनकारियों को रोकने की कोशिश की गई, तो देश के अलग-अलग हिस्सों में भी जंतर-मंतर जैसे विरोध स्थलों का उभार हो सकता है।
कविता के जरिए युवाओं के हौसले का जिक्र
सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में कविता के माध्यम से भी युवाओं के हौसले और एकजुटता का उल्लेख किया। उन्होंने लिखाकृ
“माना बादशाहों का बंदोबस्त है बख्तरबंद,
पर उन्होंने देखा न नौजवानों का दमखम।
यहां हौसलों की भी तैयारी है चाकचौबंद,
हैं साथ सब, मानकर इसको अंतिम जंग।”



