बिजनौर, 9 अक्टूबर। जनगणना केवल सरकारी कार्य नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें जुटाए गए आंकड़ों की गोपनीयता बनाए रखना और निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य करना प्रत्येक संबंधित कार्मिक की जिम्मेदारी है। जनगणना संबंधी कर्तव्यों की उपेक्षा करने पर नियमानुसार दंड का प्रावधान है। यह बात मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बिजनौर में जनगणना-2027 के तहत फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम चरण के प्रशिक्षण के अंतिम दिन कही।
सीडीओ ने प्रशिक्षकों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की नीतियों, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और सावधानी के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कार्मिकों को निर्धारित मानदेय और पुरस्कारों के माध्यम से प्रोत्साहित करने की व्यवस्था है।
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्राप्त सूचनाओं और अभिलेखों की गोपनीयता बनाए रखना अनिवार्य है। सभी संबंधित कार्मिक निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्य में लापरवाही या कर्तव्यों की उपेक्षा होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 में पहली बार स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा दी जा रही है। इसके माध्यम से परिवार निर्धारित वेब पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह सुविधा उन परिवारों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिनके सदस्य कामकाज या अन्य कारणों से दिनभर घर से बाहर रहते हैं। स्वगणना की सुविधा और उसकी समय-सीमा से संबंधित जानकारी के लिए भारत सरकार के आधिकारिक जनगणना पोर्टल को देखना चाहिए।
सीडीओ ने कहा कि मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़े दर्ज करने से पहले प्रगणकों को स्वगणना के तहत उपलब्ध कराई गई जानकारी का सत्यापन करना होगा। ऐसे में फील्ड ट्रेनर्स तकनीकी प्रक्रियाओं, निर्धारित दिशा-निर्देशों और सत्यापन की प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें, ताकि गणना के दौरान त्रुटियों से बचा जा सके और कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर्स उपस्थित रहे।




