देशबिजनौरलोकल न्यूज़विकासशिक्षा

70वीं माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

डीएम ने कहा- खेलों से शारीरिक के साथ मानसिक और बौद्धिक क्षमता का होता है विकास

बिजनौर। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को नेहरू स्टेडियम, बिजनौर में 70वीं माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्रीड़ा ध्वज फहराया और विभिन्न विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं के मार्च-पास्ट की सलामी ली। उन्होंने कबूतर उड़ाकर शांति, सद्भावना और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। जनपदीय क्रीड़ा समारोह 9 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे।

समारोह के शुभारंभ पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, मां सरस्वती की वंदना समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। अतिथियों और दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। खेल जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामना करने का आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।

डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका शिक्षा जितनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक डीके सक्सेना एवं आयोजकों ने जिलाधिकारी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, खेल अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!