
बिजनौर, 15 सितंबर। शहर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी एक दंपती के शव मंगलवार सुबह सदपुरा-जलालपुर के जंगल में अलग-अलग स्थानों पर मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव गंगा किनारे कम पानी में पड़ा मिला, जबकि करीब एक किलोमीटर दूर उसके पति का शव पेड़ से तार के सहारे लटका मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर गांव निवासी देशराज सोमवार सुबह अपनी पत्नी सुषमा के साथ जंगल में लकड़ी काटने के लिए गया था। दोपहर करीब दो बजे तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनो ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहंुचकर ग्रामीणो के साथ मिलकर लापता पति पत्नी की तलाश की साथ ही दोनों की खोजबीन के लिए ड्रोन भी इलाके में उड़ाया गया। इसके बावजूद दोनों का कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह शहर कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम ग्रामीणों के साथ जंगल में पहुंची और एक बार फिर से लापता दंपत्ति की तलाश शुरू की। सुबह करीब आठ बजे सुषमा का शव गंगा किनारे पानी में गिरे पेड़ से अर्धनग्न अवस्था में अटका मिला। पुलिस के अनुसार, उसके गले पर चोट/गला घोंटे जाने के निशान पाए गए हैं।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में देशराज की तलाश शुरू की। करीब एक किलोमीटर दूर उसका शव अर्धनग्न अवस्था में एक पेड़ से तार के सहारे लटका मिला। पुलिस के अनुसार, देशराज के शरीर पर ऊपरी वस्त्र नहीं था और उसने पत्नी की सलवार पहन रखी थी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
इस घटना की सूचना मिलने पर एएसपी सिटी कृष्ण गोपाल और सीओ अभय पांडे समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच के लिए बुलाया और जांच शुरू कर दी।
दूसरी ओर पुलिस ने मृत दंपत्तियों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार की दोहपर जिला अस्पताल में पति-पत्नी के शवों का पोस्टमार्टम किया गया तथा शव को भारी पुलिस सुरक्षा में परिजनांे को सौंप दिया। दंपती के दो बेटे और दो बेटियां हैं।



