जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की
बिजनौर, 13 अगस्त। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में समस्त उप जिलाधिकारियों के साथ जिले में बाढ़ की स्थिति एवं राहत-बचाव कार्यों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं फील्ड में रहकर बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यकता के अनुसार प्रभावित लोगों को राहत सामग्री का वितरण किया जाए, जिससे किसी भी प्रभावित व्यक्ति को कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। आमजन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थां समय से सुनिश्चित की जाएं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखी जाए।
उधर, बैठक के उपरांत जिलाधिकारी जसजीत कौर द्वारा मध्य गंगा बैराज एवं रावली तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि रावली तटबंध पर जलभराव की समस्या के दृष्टिगत कराए जा रहे सभी आवश्यक कार्य समय से पूर्ण कर लिए गए हैं। इसके अतिरिक्त जनपद में बाढ़ से संबंधित अन्य आवश्यक कार्य भी समय सीमा के भीतर ही पूर्ण कर लिए गये हैं।

