महगी पड़ी झप्ट्टामारीः ट्रेन से कटकर मोबाइल झपटमार ने दोनों पैर गंवाए, दो साथी गिरफ्तार
रेलवे ट्रैक के पास यात्रियों से मोबाइल छीनने का आरोप; 27 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस ने की जांच, चार मोबाइल बरामद
गाजियाबाद। दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली ट्रेनों में यात्रियों से मोबाइल झपटमारी करने वाले गिरोह का नगर कोतवाली पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, झपटमारी के दौरान भाग रहे गिरोह के एक सदस्य रितिक निवासी विजयनगर के मालगाड़ी की चपेट में आने से दोनों पैर गंभीर रूप से कुचल गए। उपचार के दौरान चिकित्सकों को उसके दोनों पैर काटने पड़े। मामले में पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर झपटमारी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
चलती ट्रेन के यात्रियों को बनाते थे निशाना
एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय के मुताबिक, गिरोह में रितिक, विशाल, दीपांशु और अजीज शामिल थे। आरोप है कि गिरोह के सदस्य दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों में खिड़की के पास बैठे उन यात्रियों को निशाना बनाते थे, जिनके हाथ में मोबाइल फोन होता था। आरोपी कथित तौर पर यात्रियों के हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल गिरा देते और फिर उसे उठाकर भाग जाते थे।
पुलिस के अनुसार, विशाल और अजीज चलती ट्रेन के साथ दौड़कर भी यात्रियों के मोबाइल झपटते थे। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य झपटमारी के मोबाइल दिल्ली में एक दुकान पर बेचते थे। प्रत्येक मोबाइल के बदले उन्हें 1,500 से 2,000 रुपये मिलते थे।
27 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस के मुताबिक, रितिक के मालगाड़ी की चपेट में आने की सूचना मिलने के बाद चार पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया। घटनास्थल और आसपास लगे 27 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में रितिक को सुबह करीब तीन बजे घर से निकलते देखा गया। इसके बाद गौशाला फाटक के पास उसके तीन अन्य साथियों के मिलने की जानकारी सामने आई।
पुलिस का कहना है कि चारों पहले साहिबाबाद की ओर गए। वहां झपटमारी का मौका नहीं मिलने पर वे रेलवे स्टेशन की ओर पहुंचे। आरोप है कि रेलवे ट्रैक तक पहुंचने के लिए उन्होंने गौशाला फाटक के पास दीवार के सहारे रखी बेंच का इस्तेमाल किया और फिर ट्रैक की ओर चले गए।
पीछा करने के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आया आरोपी
पुलिस के अनुसार, ट्रेन से मोबाइल झपटमारी के दौरान यात्रियों को घटना का पता चला तो उन्होंने शोर मचाया और आरोपियों का पीछा किया। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी आ गई। पुलिस का दावा है कि तीन आरोपी वहां से निकलकर भाग गए, जबकि रितिक ट्रैक पार करने की कोशिश में गिरकर मालगाड़ी की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल रितिक को दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसके दोनों पैर काटने पड़े।
मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार की भूमिका की भी जांच
एसीपी के मुताबिक, पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों और कथित तौर पर चोरी या झपटमारी के मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से विशाल के खिलाफ पहले से झपटमारी के दो मामले और शस्त्र अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज है। अजीज के खिलाफ भी एक मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।



