26 अक्टूबर को जिलेभर में मनाई जाएगी महर्षि वाल्मीकि जयंती
मंदिरों में होगा अखंड रामायण पाठ, सीडीओ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

बिजनौर, 23 अक्टूबर। जनपद बिजनौर में 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न विकासखंडों, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों और तहसील क्षेत्रों में स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिरों अथवा राम मंदिरों एवं हनुमान मंदिरों में महर्षि वाल्मीकि कृत रामायण का अखंड पाठ आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर निकायों, विकासखंडों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम जनसहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के आयोजन की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि 25 अक्टूबर तक चयनित मंदिरों में साफ-सफाई, पेयजल, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। मंदिर परिसरों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चयनित मंदिरों की सूची में मंदिर का नाम, पूरा पता, फोटो, जीपीएस लोकेशन तथा मंदिर प्रबंधक का संपर्क नंबर शामिल करते हुए शुक्रवार शाम तक उपलब्ध कराया जाए। इससे कार्यक्रमों की निगरानी और व्यवस्थाओं के समन्वय में सुविधा होगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी होंगे नोडल अधिकारी
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अखंड रामायण पाठ कराने वाली मंडलियों के भुगतान की व्यवस्था भी की गई है और इसके लिए शासन से बजट प्राप्त हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने को कहा।
इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर भी महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में विभिन्न विभागों, विकासखंडों और नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।



