
बिजनौर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत 23 अक्टूबर को मतदान के दिन पात्र मतदाताओं को विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा। इसका उद्देश्य संबंधित कर्मचारियों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 13 अक्टूबर 2026 को जारी विज्ञप्ति के क्रम में यह व्यवस्था लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के ऐसे कर्मचारी, जो विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचन में वास्तविक रूप से पंजीकृत मतदाता हैं, उन्हें 23 अक्टूबर को मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य होगा।
इस व्यवस्था से पात्र कर्मचारियों को मतदान में भाग लेने में सुविधा मिलेगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

