नई दिल्ली। जंतर-मंतर में प्रवेश की कोशिश से जुड़े मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरव दास को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की खबर है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने दावा किया कि दोनों नेताओं ने जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराया और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए थे। उन्होंने कार्रवाई को मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए केंद्र सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के अगले दिन सीजेपी के नेताओं ने बंद गेट पर चढ़कर परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे को हिरासत में लिया। पार्टी की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह के मुताबिक, पुलिस ने अनधिकृत प्रवेश, बॉन्ड की शर्तों के उल्लंघन और सरकारी अधिकारी के काम में बाधा डालने समेत अन्य आरोप लगाए। सीजेपी ने पुलिस की कार्रवाई और हिरासत के दौरान वकीलों से मुलाकात में कथित बाधा पर सवाल उठाए हैं।




