
बिजनौर, 21 जून। कौशल विकास एवं उद्यमिता (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रमुख जयंत सिंह चौधरी शनिवार को बिजनौर पहुंचे। उन्होंने ग्राम मधुसुदनपुर देवीदास में भूमि पूजन एवं हवन कर केंद्रीय विद्यालय की आधारशिला रखी। उसके बाद उन्होंने ग्राम स्वाहेड़ी खुर्द स्थित लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र में अस्थाई केंद्रीय विद्यालय का लोकार्पण किया।
जयंत सिंह चौधरी ने कहा कि यह स्कूल क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग रही है, जिसे अब साकार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कार्य है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा। श्री चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में यह विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक भव्य परिसर में संचालित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के युवा वर्ग को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण मिलेगा और उनका शैक्षिक विकास सशक्त होगा। रालोद प्रमुख ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय में शिक्षण का कार्य यथाशीघ्र शुरू कर दिया जाएगा और केंद्रीय विद्यालय के स्थाई भवन के निर्माण पूर्ण होने तक अस्थाई रूप से लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र, स्वाहेडी में कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद बिजनौर चंदन चौहान, विधायक बिजनौर श्रीमती सूचि चौधरी, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह,अपर जिलाधिकारी वान्या सिंह,जॉइंट कमिश्नर केंद्रीय विद्यालय संगठन दीपेश गहलोत, सहायक कमिश्नर केंद्रीय विद्यालय संगठन आगरा श्रीमती रानी रंगीली, उप जिलाधिकारी नजीबाबाद विजय शंकर पाण्डेय, उप जिला मजिस्ट्रेट हर्ष चावला, तहसीलदार सदर अमरपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।