टॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपीराजनीतिलोकल न्यूज़विकास

रोजगार मेले में 587 युवाओं को मिले नौकरी के ऑफर लेटर

20 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 1168 युवाओं ने कराया पंजीकरण; पांच युवाओं को स्वरोजगार के लिए पांच-पांच लाख रुपये के ब्याजमुक्त ऋण के चेक

बिजनौर। जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आयोजित बृहद रोजगार मेले में 587 युवक-युवतियों को नौकरी का अवसर मिला। शुक्रवार को राजकीय आईटीआई बिजनौर में जिला सेवायोजन कार्यालय और राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में 20 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इसमें 1168 युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से चयनित 587 अभ्यर्थियों को मौके पर ही जॉब ऑफर लेटर वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद बिजनौर की अध्यक्ष इंदिरा सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. बीरबल सिंह ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। सुबह 10 बजे शुरू हुआ रोजगार मेला शाम तक चला। इस दौरान विभिन्न कंपनियों ने युवाओं की योग्यता और कौशल के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की।

रोजगार मेले में नौकरी के अवसरों के साथ युवाओं को स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत पांच युवाओं को पांच-पांच लाख रुपये के ब्याजमुक्त ऋण के चेक प्रदान किए गए, ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।

नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।

मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने युवाओं से अपने कौशल और कार्यक्षमता को लगातार बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपने हुनर को इतना विकसित करें कि कंपनियां उन्हें नौकरी देने के लिए स्वयं आगे आएं। वहीं डॉ. बीरबल सिंह ने प्रदेश सरकार की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि ब्याजमुक्त ऋण के माध्यम से युवा अपना कारोबार शुरू कर सकते हैं और दूसरों को भी रोजगार दे सकते हैं।

इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी विशाल राठी, आईटीआई प्रधानाचार्य मंजुल मयंक, प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी पंकज चौधरी, उपायुक्त उद्योग अमित कुमार, प्रधान सहायक राजकीय आईटीआई राकेश शर्मा सहित अभिसार गुप्ता, अमरकांत पाल, संजय कुमार, जीवन सिंह, प्रदीप कुमार और मुकुल कुमार मौजूद रहे। सभासद अमित ठाकुर, अभिषेक राणा, संजय बिश्नोई, प्रभाकर, राजा, विजेंद्र सिंह और अर्पित चौधरी भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश शर्मा ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!