
बिजनौर, 22 अक्टूबर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान में प्रतिरूपण रोकने और प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए मतदाताओं को अपनी पहचान प्रमाणित करनी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने मतदाताओं से निर्धारित पहचान पत्र साथ लेकर मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र जारी किए गए हैं, उन्हें मतदान के समय इसे प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ है, तो वह भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक के माध्यम से अपनी पहचान स्थापित कर सकता है।
ये दस्तावेज होंगे मान्य
वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट शामिल हैं। इनके अलावा केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा निजी औद्योगिक प्रतिष्ठानों की ओर से कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र भी मान्य होंगे।
इसके अतिरिक्त सांसदों, विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र, संबंधित शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता के नियोजक शैक्षिक संस्थान की ओर से जारी सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाणपत्र तथा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड भी वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन निर्धारित पहचान पत्र या मान्य वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक साथ लेकर पहुंचें और शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान में सहयोग करें।


