

बिजनौर, 9 सितंबर। प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 7,500 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 3,750 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा भी की गई है।
मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न योजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं बच्चों के पोषण एवं देखभाल में मां यशोदा की भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए साड़ी की धनराशि भी उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का महात्मा विदुर सभागार में हुआ सजीव प्रसारण
बिजनौर कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, नहटौर विधायक ओम कुमार, नगर पालिका परिषद बिजनौर की अध्यक्ष इंदिरा सिंह, जिलाधिकारी जसजीत कौर सहित अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया ने मानदेय बढ़ोतरी पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था लागू की गई है।
नहटौर विधायक ओम कुमार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां सम्मानित
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, विधायक ओम कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह और जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बढ़े हुए मानदेय के सांकेतिक चेक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रदान किए।
अति कुपोषित (सैम) बच्चों को चिन्हित कर उन्हें कुपोषण से बाहर निकालने में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अति कुपोषित बच्चों और उनकी माताओं को पोषण पोटली भी वितरित की गई। इसके अलावा नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं से अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, जिला विकास अधिकारी रचना गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी विमल कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।

