

नगीना में पटाखा दुकानों और फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की जांच, करतीं डीएम जसजीत कौर एवं एसपी केके विश्नोई। (फोटो)
बिजनौर, 3 सितंबर। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तहसील नगीना क्षेत्र में आतिशबाजी एवं पटाखों की बिक्री और निर्माण से जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानों एवं फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों, लाइसेंस, भंडारण व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आतिशबाजी के निर्माण, भंडारण और क्रय-विक्रय के दौरान निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने प्रतिष्ठान संचालकों को भी सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आतिशबाजी जैसे संवेदनशील कारोबार में सुरक्षा मानकों की अनदेखी से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसलिए लाइसेंस की वैधता, निर्धारित मात्रा में भंडारण, अग्निसुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य जरूरी मानकों की नियमित जांच आवश्यक है। किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन या लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में आतिशबाजी एवं पटाखों के निर्माण और बिक्री से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों की जांच के लिए संयुक्त टीमें गठित कर अभियान चलाया जाए। जांच के दौरान लाइसेंस एवं अनुमति पत्रों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था, भंडारण स्थल और निर्धारित मानकों के अनुपालन की विशेष रूप से जांच की जाए।
उन्होंने आमजन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आतिशबाजी से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


