टॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपीराजनीतिविकास

‘शांतिप्रिय जनपद है बिजनौर….’

शांति समिति की बैठक में डीएम जसजीत कौर ने बिजनौर जनपद की तारीफ

शांति समिति की बैठक में जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई (फोटो)
   बिजनौर, 3 सितंबर। कृष्ण जन्माष्टमी एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई समेत प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, विभिन्न थाना क्षेत्रों के धर्मगुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि शांति समिति की बैठक का उद्देश्य केवल प्रशासन और पुलिस तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां दिए गए संदेश और आपसी चर्चा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि बिजनौर शांतिप्रिय जनपद है, जहां सभी धर्मों के लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाते आए हैं। इसी परंपरा को आगे भी कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।

भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

   उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी छोटी घटना या विवाद की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, अफवाहपूर्ण या आपत्तिजनक समाचार प्रसारित करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को सत्यापित किए बिना साझा नहीं करने की भी अपील की।
बैठक में नागरिकों की ओर से बिजली आपूर्ति, जलभराव, सड़क मरम्मत सहित विभिन्न स्थानीय समस्याएं भी उठाई गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने कहा कि जिले में सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाते रहे हैं और आगे भी इसी तरह मनाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने तथा कानून व्यवस्था अपने हाथ में न लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
एसपी ने धार्मिक स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांति समिति की बैठक में जिले के प्रत्येक थाना और सर्किल क्षेत्र से धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है, ताकि   स्थानीय समस्याओं और सुझावों को सीधे सुना जा सके तथा उनका समाधान कराया जा सके।
बैठक में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नूरपुर, नगीना, शेरकोट, अफजलगढ़, नहटौर, नजीबाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों में निकलने वाले जुलूसों और धार्मिक आयोजनों की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को जुलूस मार्ग, यातायात, सुरक्षा, बिजली एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, उपजिलाधिकारी स्मृति मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!