मेरठ। भारतीय बौद्ध महासभा (दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया) उत्तर प्रदेश (पश्चिमांचल) की प्रदेश महिला शाखा का गठन 2 अगस्त 2026 को भीम ज्योति बुद्ध विहार, पुरानी मोहनपुरी, मेरठ में आयोजित बैठक में किया जाएगा। यह गठन भारतीय बौद्ध महासभा के ट्रस्टी एवं राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आदरणीय डॉ. भीमराव यशवंतराव आंबेडकर के निर्देशानुसार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजवीर सिंह बौद्ध ने बताया कि प्रदेश महिला शाखा के कुल 25 पदों में से दो पदों का निर्वाचन 29 मार्च 2026 को इटावा में सम्पन्न हो चुका है। शेष 23 पदों पर मेरठ में निर्वाचन होगा। इनमें तीन उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक कोषाध्यक्ष, एक लेखा परीक्षक, एक कार्यालय सचिव, आठ प्रदेश सचिव तथा आठ प्रदेश संगठक के पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश (पश्चिमांचल) के 22 जिलों—मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, एटा, हाथरस, अलीगढ़, कासगंज, बुलंदशहर, मेरठ, हापुड़, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, संभल एवं रामपुर से एससी, एसटी एवं ओबीसी समाज की इच्छुक महिला कार्यकर्ताओं को बैठक में आमंत्रित किया गया है।
डॉ. राजवीर सिंह बौद्ध ने अपील करते हुए कहा कि जो महिलाएँ बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा स्थापित दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया की प्रदेश महिला शाखा में पदाधिकारी बनकर धम्म एवं संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहती हैं, वे 26 जुलाई 2026 तक अपना नाम भेज दें, ताकि बैठक की समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा सकें।
उन्होंने सभी महिला कार्यकर्ताओं से 2 अगस्त को मेरठ में आयोजित बैठक में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा धम्म कारवां को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।