टॉप न्यूज़बिजनौरयूपीलोकल न्यूज़विकासशिक्षा

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बना जनआंदोलन, बिजनौर में एक दिन में 66 लाख पौधे

विदुर मेडिकल कॉलेज में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने किया शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

    

राष्ट्रीय पंचायत विशेष | बिजनौर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बिजनौर ने रविवार को नया इतिहास रच दिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पूरे जनपद में एक ही दिन में 66 लाख से अधिक पौधे लगाए गए। मुख्य कार्यक्रम महात्मा विदुर स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित हुआ, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।

Bot Verification

दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ कार्यक्रम

मेडिकल कॉलेज सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि शुचि शर्मा ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद मंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने परिसर में पौधे लगाकर हरियाली का संदेश दिया।

‘प्रकृति हमारी संस्कृति का आधार’

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बिजनौर महात्मा विदुर की पुण्यभूमि है और यहां के नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रत्येक नागरिक को भावनात्मक रूप से प्रकृति से जोड़ने का प्रयास है।

“भारतीय संस्कृति में प्रकृति को मां का स्वरूप माना गया है। वृक्ष केवल हरियाली नहीं, बल्कि हमारी आस्था, परंपरा और भविष्य के संरक्षक हैं।” — कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार

उन्होंने बढ़ते तापमान और घटते वृक्षावरण पर चिंता जताते हुए कहा कि हर नागरिक को पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण भी सुनिश्चित करना होगा।

बिजनौर में बनेंगे विविध प्रकार के वन

अभियान के नोडल अधिकारी एवं आयुक्त निबंधन एवं सहकारिता योगेश कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत छाया वन, अविरल वन, कपि वन, ऊर्जावन, समरसता वन और समृद्धि वन विकसित किए जा रहे हैं, जिससे जनपद का वनाच्छादन बढ़ेगा और पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा।

जसजीत कौर ने दिलाया संरक्षण का संकल्प

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से जनपद में वृक्ष आवरण बढ़ाने का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा। उन्होंने लोगों से केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लेने की अपील की।

अभियान की प्रमुख उपलब्धियां

रिकॉर्ड

66 लाख+

एक दिन में पौधे

6 करोड़

2017 से अब तक रोपण

29

वन विभागीय नर्सरियां

छह करोड़ पौधों का आंकड़ा पार

प्रभागीय निदेशक वानिकी जय सिंह कुशवाहा ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक जनपद में लगभग 6 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष के महाअभियान में 66 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया गया, जबकि वन विभाग की 29 नर्सरियों से आमजन को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़ा पर्यावरण संदेश

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रेरक वीडियो भी दिखाए गए। अंत में मंत्री ने छात्राओं और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पौधे वितरित कर हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!