नजीबाबाद। आरआर मोरारका पब्लिक स्कूल का 27वां वार्षिक समारोह बुधवार को भव्य एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय नौसेना के सेवा निवृत्त कमांडर सुरेंद्र सिंह रहे, जिनका गौरवशाली सैन्य करियर लगभग चार दशकों तक फैला रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कमांडर सुरेंद्र सिंह, द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के स्कूल मैनेजर एवं मुख्य महाप्रबंधक सुदर्शन सिंह शेखावत तथा वरिष्ठ कार्यकारी उपाध्यक्ष सलिल स्वरूप आर्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुचित्रा मालवीय जी, उप प्रधानाध्यापिका अनिल बिनजोला एवं प्रधानाध्यापिका सरला शेखावत ने अतिथियों का फूलों के गुलदस्ते देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मां सरस्वती वंदना एवं स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को गरिमामय बनाया।
प्रधानाचार्य सुचित्रा मालवीय जी ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय की प्रगति की जानकारी दी। समारोह के दौरान एक प्रदर्शनी के माध्यम से शैक्षणिक, खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का विस्तृत प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा अत्यंत कुशलता, अनुशासन और उत्साह के साथ किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम प्रभावी, सुरक्षित एवं सफल रहा, जिसमें सभी की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।



