टॉप न्यूज़बिजनौरलोकल न्यूज़विकासशिक्षा

आईटीआई में प्रवेश का अंतिम मौका, 19 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक होंगे दाखिले

बिजनौर समेत छह राजकीय आईटीआई में रिक्त सीटों पर वॉक-इन प्रवेश, पूर्व पंजीकृत और नए अभ्यर्थियों को भी अवसर

बिजनौर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों के लिए दाखिले का अंतिम अवसर दिया गया है। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में प्रवेश सत्र अगस्त-2026 के तहत पांचवें चरण के बाद रिक्त रह गई सीटों पर 18 और 19 अक्टूबर को वॉक-इन प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश किए जाएंगे। प्रवेश की अंतिम समय-सीमा 19 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक निर्धारित की गई है।

नोडल प्रधानाचार्य मंजुल मयंक ने बताया कि जनपद के राजकीय आईटीआई बिजनौर, नगीना, नजीबाबाद, नहटौर (हल्दौर), धामपुर और अफजलगढ़ में रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया आयोजित होगी। इसमें पूर्व में पंजीकरण करा चुके अभ्यर्थियों के साथ नए अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी एससीवीटी की आधिकारिक वेबसाइट http://www.scvtup.in पर पंजीकरण करने के बाद संबंधित संस्थान में अपने आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

प्रधानाचार्य ने स्पष्ट किया कि प्रवेश के लिए निर्धारित अंतिम समय-सीमा 19 अक्टूबर, दोपहर 12 बजे तक है। इसके बाद प्रवेश मान्य नहीं होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित संस्थान पहुंचने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!