
बिजनौर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कण्व आश्रम में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि, जनकल्याण तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। कार्यक्रम में 40 से अधिक महिलाओं सहित ब्लॉक के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राम प्रधान ने भाग लिया।
हवन-यज्ञ के बाद कण्व आश्रम परिसर में गूलर के पौधे का रोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और भावी पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त जी राम जी आरबी यादव, खंड विकास अधिकारी देवमल राजबीर सिंह, ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।
24 मंदिरों में विशेष हवन, यज्ञ और दो चर्चों प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन
उपायुक्त जी राम जी आरबी यादव ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 24 मंदिरों तथा दो चर्चों में विशेष हवन, यज्ञ और प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ राष्ट्र की समृद्धि, सामाजिक सद्भाव, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प के लिए सामूहिक प्रार्थना करना है।
मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने सभी खंड विकास अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, कार्यक्रमों में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से राष्ट्रसेवा, जनकल्याण, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया जा रहा है।




