
बिजनौर, 23 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग निर्देश पर बिजनौर जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार, 24 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों का उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे युवा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, इन कैंपों के माध्यम से अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
अभियान के सुचारु संचालन और निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल भ्रमण कर अभियान की निगरानी करेंगे। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि पात्र आवेदकों को फॉर्म-6 और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जानकारी एवं सुविधा उपलब्ध हो, ताकि पंजीकरण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, जिले के सभी महाविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में राजस्व कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वे 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे।
अभियान के दौरान अधिकारी नियमित निगरानी रखेंगे और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। जिला प्रशासन ने पात्र युवाओं से अपील की है कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।


