
गोबर निस्तारण और वर्षा जल निकासी व्यवस्था सुधारने को भी कहा
बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत संवाददाता। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल ने शुक्रवार को बिजनौर में चार गौशालाओं का निरीक्षण किया। बिजनौर आगमन पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल ने उनका स्वागत किया।

विकास खंड नूरपुर के आश्रय गौ आश्रय स्थल फीना का निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव मौजूद रहे। गोयल ने गौशाला के खराब संपर्क मार्ग को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने गोबर निस्तारण और वर्षा जल निकासी व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए। नर गोवंश को छोटे गोवंश से अलग रखने के लिए शेड में बाड़ बनाने को कहा।

नूरपुर के अस्थाई गौ आश्रय किरतपुर का भी निरीक्षण किया गया। यहां महिला समूह द्वारा गौशाला का संचालन किया जा रहा है। महिलाएं अगरबत्ती और दिये जैसे गौ उत्पाद बना रही हैं, जिसकी गोयल ने सराहना की।

विकास खंड कोतवाली में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग में पंजीकृत श्री कृष्णायन गौशाला का निरीक्षण किया। यहां रेड सिंधी और साहीवाल नस्ल की गायों का संरक्षण किया जा रहा है। उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी नगीना भी मौजूद रहे।

अंत में इस्माइलपुर दमि गौशाला का निरीक्षण किया गया। गौ आश्रय संचालिका रजनी जौहर की उपस्थिति में गोयल ने संपर्क मार्ग बनाने और गोबर निस्तारण के लिए निर्देश दिए। उन्होंने गौ उत्पाद बनाकर गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने की अपेक्षा भी जताई।


