बिजनौरयूपीविकासशिक्षा

डीएम जसजीत कौर ने किया ब्लॉक कार्यालय नूरपुर का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

फर्जी वोटरों की जांच का लिया प्रैक्टिकल डेमो, युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम और महिला समूहों के लिए कैफे खोलने के दिए निर्देश

बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने विकास खंड नूरपुर के ग्राम गाजीपुर में ‘ग्राम चौपाल’ संपन्न करने के उपरांत खंड विकास कार्यालय (ब्लॉक) का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशासनिक कार्यों से लेकर जन कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को बारीकी से परखा। उन्होंने कार्यालय में एसआईआर (SIR) के अंतर्गत फर्जी वोटरों की जांच के लिए बनाए गए विशेष कक्ष का अवलोकन किया और वहां तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर से जांच की प्रक्रिया समझी। इस दौरान उन्होंने स्वयं प्रैक्टिकल रूप से पोर्टल की कार्यप्रणाली को चेक किया, जो पूरी तरह मानक के अनुसार सही पाई गई।


ब्लॉक क्षेत्र के विकास और जनकल्याण पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि क्षेत्र की सभी गौशालाओं में गोवंश के लिए हरा चारा और स्वच्छ पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता को लेकर सचेत करते हुए कहा कि अधिकारी समय-समय पर निर्माण सामग्री का औचक निरीक्षण करें, ताकि किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता या घटिया सामग्री की गुंजाइश न रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि योजना के दायरे में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को प्राथमिकता के आधार पर आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।


युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जिलाधिकारी ने नई पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए मिनी स्टेडियम हेतु उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन कर प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा। साथ ही, एनआरएलएम (NRLM) योजना के तहत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वावलंबी बनाने के लिए उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक परिसर में एक ‘कैफे’ खोलने का सुझाव दिया, जहाँ महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों के साथ-साथ सूक्ष्म जलपान और लंच की व्यवस्था हो सके। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कार्यालय में सफाई व्यवस्था और अभिलेखों का रखरखाव दुरुस्त मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रीमती आकांक्षा चौहान ने जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। निरीक्षण के दौरान डी.पी. सिंह सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!