बिजनौरयूपीविकासशिक्षा

डीएम जसजीत कौर ने ग्राम चौपाल में सुनी जनसमस्याएं, जल जीवन मिशन में लापरवाही पर जांच के आदेश

खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने और घरों में पानी के कनेक्शन की कमी पर जिलाधिकारी सख्त, कहा- लापरवाही मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई

बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत। शासन की ‘गांव की समस्या-गांव में समाधान’ पहल के अंतर्गत शुक्रवार को विकास खंड नूरपुर के ग्राम गाजीपुर में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में एक भव्य ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी से जलापूर्ति न होने, घरों में कनेक्शन की सुविधा का अभाव और पाइप लाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत न कराए जाने की गंभीर शिकायतें कीं। इन शिकायतों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही टीम गठित कर संपूर्ण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या घटिया कार्य प्रमाणित होता है, तो संबंधित कार्यदायी संस्था व अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और सीसी रोड का निर्माण मानक के अनुरूप पाया गया। पेंशन योजनाओं और राशन वितरण की स्थिति भी संतोषजनक रही। डीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक बुजुर्ग और अंत्योदय कार्ड धारकों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। साथ ही, गांव के उन पात्र लोगों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ा जाए जो अब तक विधवा, दिव्यांग या निराश्रित पेंशन से वंचित हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों को गांव को ओडीएफ और विकास के मानकों पर खरा उतरने के लिए बधाई देते हुए इसे एक ‘मॉडल विलेज’ के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।


सार्वजनिक भूमियों पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए टीम गठित कर पैमाइश कराने और कब्जा पाए जाने पर भू-माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी शिक्षा का स्तर परखा। अंत में, उन्होंने निर्माणाधीन पेयजल टंकी और मिनी आरआरसी सेंटर का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख, उप निदेशक कृषि, तहसीलदार चांदपुर और खंड विकास अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!