
बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत संवाददाता। नूरपुर विधायक राम अवतार सैनी ने कहा कि कांशीराम ने समाज के शोषित वर्ग को जागरूक कर नई दिशा दी। उनके विचार आज भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। हमें उनके और समाजवादी आंदोलन के विचारों को मिलाकर समानता और न्याय के लिए काम करना होगा।
श्री सैनी समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में गुरुवार को बहुजन समाज के महान नेता और सामाजिक न्याय के प्रणेता मान्यवर कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पार्टी के नेता कार्यकर्ता एवं समाज के विभिन्न लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत कांशीराम के चित्र पर फूल चढ़ाकर और दो मिनट का मौन रखकर की गई। पार्टी के जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन ने कहा कि कांशीराम जी ने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को सम्मान के साथ जीने का हक दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने समाज को सामाजिक न्याय और समानता का रास्ता दिखाया। समाजवादी पार्टी उनके विचारों को अपनाकर उनके बताए रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
धनंजय सिंह यादव ने कहा कि कांशीराम का जीवन त्याग और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने जाति-धर्म से ऊपर उठकर बराबरी का संदेश दिया। आज उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना बहुत जरूरी है।
कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कांशीराम जी के योगदान पर चर्चा की और उनके आदर्शों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सभी ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर समाज में समानता और भाईचारे के लिए काम करने की शपथ ली। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन ने की और संचालन जिला महासचिव धनंजय सिंह यादव ने किया।
इस अवसर पर डॉ. रहमान, प्रभा चौधरी, मदन सैनी, सतपाल सिंह, अखलाक पप्पू, पंकज बिश्नोई, महमूद कस्सार, हाजी दानिश अख्तर, रामचंद्र भूय्यार, मनोज राजपूत, बी.के. कश्यप, डॉ. सतपाल सिंह, अशोक गहलोत, काशिफ खान, डॉ. योगेंद्र सिंह, नमन प्रधान, लाल सिंह कश्यप, संजय पाल, मानु भाई, सुभाष विश्वकर्मा, इंजीनियर मोहम्मद इकबाल, अफजल उल हक, लाल सिंह कश्यप, अब्दुल वहाब एवं अहमद खिज़र खान सहित अनेक समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

