टॉप न्यूज़देशशिक्षासंस्कृति

विभिन्न संस्कृतियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं खेल : प्रो. सिद्धार्थ सिंह

 नव नालंदा महाविहार में राष्ट्रीय खेल दिवस के विजेताओं को सम्मानित किया गया

नालन्दा, राष्ट्रीय पंचायत ब्यूरो। नव नालंदा महाविहार के कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन लाते हैं तथा विभिन्न संस्कृतियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

प्रो. सिंह राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में महाविहार में 29 से 31 अगस्त के मध्य संपन्न हुई विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं के गुरुवार को खेल समिति के तत्वावधान में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की खेल गतिविधियों का आयोजन महाविहार द्वारा निरंतर किया जाता रहेगा और संस्थान अपनी ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। प्रो. सिंह ने यह भी अवगत कराया कि आने वाले समय में महाविहार एक नए खेल परिसर के निर्माण की दिशा में कार्य करेगा। कुलपति ने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि प्रतियोगिताओं में स्थानीय छात्रों के साथ-साथ विदेशी छात्र—विशेषकर भिक्षु एवं भिक्षुणियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।

उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिताओं की रिपोर्ट डॉ. नरेंद्र दत्त तिवारी, संयोजक खेल समिति द्वारा प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर प्रो. विश्वजीत कुमार सिंह, अधिष्ठाता पालि एवं अन्य भाषाएँ संकाय, तथा प्रो. बिनोद कुमार चौधरी, अधिष्ठाता बौद्ध अध्ययन संकाय ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि खेलों को प्रोत्साहन देना आज समय की आवश्यकता है। अंत में धन्यवाद कुलसचिव प्रो. रूबी कुमारी ने दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ राजेश कुमार मिश्रा ने सुव्यवस्थित ढंग से किया। इस अवसर पर महाविहार के अनेक शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!