
बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत संवाददाता। डीएम जसजीत कौर ने सभी खंड विकास अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि ग्राम पंचायतों में स्वयं के संसाधन से आय अर्जित करें। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में आय के स्रोतों का सृजन करना सुनिश्चित कराएं।
मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को कलक्ट्रेट के महात्मा विदुर सभागार में डीएम श्रीमती कौर की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक हुई, जिसमें डीएम ने बीडीओ को दिशा निर्देश दिए।
श्रीमती कौर ने निर्देश दिये कि प्रत्येक ग्राम में अभियान चलाकर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबन्धन के निस्तारण के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए और डोर टू डोर कूड़ा एकत्र कार्य को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गांवों विशेषकर गुलदार प्रभावित गांवों में ग्रामवासियों को किसी भी हालत में शौच के लिए गांव से बाहर न जाने के लिए निर्देशित करें। श्रीमती कौर ने यह भी निर्देश दिए कि घर में शौचालय होने के बावजूद जंगल में शौच के लिए जाने वाले लोगों को चिह्नित करें। इस अवसर पर डीपीआरओ, पीडी डीआरडीए, डीडीओ समेत कई अधिकारी मौजूद थे।



