
बिजनौर, 04 जून। ग्राम पदमपुर मंडावर में ग्राम प्रधान श्रीमती विनीता राजपूत के निवास स्थान पर कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र नगीना द्वारा किसानों के साथ विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी में कृषि विज्ञान केंद्र नगीना के वैज्ञानिक, सीआईआरसी के वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग के तकनीकी कर्मचारी ने किसानों को विभिन्न जानकारियां दीं।
गोष्ठी में प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, गन्ना, धान, दलहन, तिलहन, गेहूं आदि की फसलों का चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग, आधुनिक कृषि पद्धति,जलवायु अनुकूल फसल किस्में, जल संरक्षण तकनीक, कीट व रोग प्रबंधन तथा पशुपालन आदि के बारे में किसानों को जानकारी दी गई। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र नगीना की प्रभारी डॉ. शकुंतला गुप्ता, सीआईआरसी से डॉ. सुमित महाजन, कृषि वैज्ञानिक डॉ. पिंटू कुमार, कृषि विभाग से प्राविधिक सहायक नीरज कुमार, एडीओ कृषि अशोक कुमार, गन्ना सुपरवाइजर पुनीत कुमार तथा बीटीएम कपिल देव आदि ने किसानों को विकसित ढंग से खेती करने के तरीके बताए।
गोष्ठी में ग्राम प्रधान के पति मुकुल राजपूत एडवोकेट सहित ग्राम के कृषक काफी संख्या में उपस्थित रहे। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
कृषि विज्ञान केंद्र नगीना से आए कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग से आए अधिकारियों ने हर विषय पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने किसानों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया। अंत में ग्राम प्रधान विनीता राजपूत ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।