
बिजनौर, 08 जून। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल ने बिजनौर में गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले वृहद गौ संरक्षण केंद्र-फरजपुर का दौरा किया। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल और उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सामन्त मनोहर मौजूद रहे।
फरजपुर केंद्र में चौकर और हरे चारे की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। श्री गोयल ने ग्राम सचिव की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने खंड विकास अधिकारी, अफजलगढ़ से बात कर स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। केंद्र में गोबर गैस प्लांट की समीक्षा की गई। पीने के पानी की व्यवस्था, भूसे की गुणवत्ता और गौचर भूमि पर बोए गए चारे का भी निरीक्षण किया गया।
इसके बाद याकूबपुर स्थित वृहद गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया गया। यहां उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेम सिंह कहली और पशुधन प्रसार अधिकारी लीवेंद्र कुमार उपस्थित थे। केंद्र में 18 गौवंश पाए गए। गोयल ने जल्द ही यहां गौवंश की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला की सुरक्षा के लिए चारों ओर जालीदार तार बाड़ लगाने को कहा, जिससे जंगली जानवर और कुत्ते अंदर न आ सकें।