
जिलाधिकारी ने प्रधानों को लोकतंत्र की पहली सीढ़ी बताया
बिजनौर, 21 मई। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम प्रधानों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने ग्राम प्रधानों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान करेगा।
डीएम ने कहा कि ग्राम पंचायत की सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जेदारों द्वारा प्रधानों के खिलाफ दर्ज कराए गए फर्जी मुकदमों की जांच होगी। झूठी शिकायतों पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों को लोकतंत्र की पहली सीढ़ी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सफाई की सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्रधानों की अहम भूमिका है।
बैठक में डीएम ने सभी प्रधानों का परिचय लिया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रधानों से आग्रह किया कि वे पारदर्शिता से काम करें। समस्या होने पर सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने पंचायत लाइब्रेरी को सक्रिय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बच्चों में पठन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का माहौल बनाया जाए। साथ ही विदुर ब्रांड के उत्पादों का उपयोग करने की अपील की।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे ग्राम पंचायतों में अपनी उपस्थिति का रोस्टर बनाएं और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी दमनप्रीत अरोड़ा, प्रधान संघ के अध्यक्ष एवं पद अधिकारियों सहित जिले की समस्त ग्राम पंचायतों से आए ग्राम प्रधान मौजूद थे।