
बिजनौर, 07 मई। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल ने बुधवार को अधिकारियों के साथ जनपद के गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने नजीबाबाद के कान्हा गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नजीबाबाद के कान्हा गौ आश्रय स्थल में 93 गौवंश पाए गए। इनमें से एक बीमार था। उसका उपचार चल रहा है। श्री गोयल ने गौ आश्रय स्थलों की साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने का निर्देश दिया। इससे पूर्व पशु पालन विभाग के अधिकारियों ने गौ सेवा आयोग के सदस्य का स्वागत किया।
श्री गोयल ने गौ आश्रय स्थल से गौ जनित उत्पाद जैसे गौ काष्ठ, वर्मी कम्पोस्ट आदि का निर्माण कराये जाने के निर्देश दिए। श्री गोयल ने कहा कि गौ आश्रय स्थल पर संरक्षित गौ वंश को भरपूर मात्रा में हरा चारा, साइलेज तथा पीने के साफ पानी की व्यवस्था हर समय सुनिश्चित की जाए। गौ वंश की सुरक्षा के लिए हर समय केयर टेकर गौ आश्रय स्थल पर मौजूद रहे। गौवंश को प्रचुर मात्रा में हरा चारा और भूसा दिया जाए। सभी गौ आश्रय स्थलों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए तथा गौवंश के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु के मद्देनज़र गौवंश को लू से बचाव के लिए प्रबंध किए जाएं। गौ आश्रय स्थलों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए तथा शेड को टाट के बोरों या छायादार जाली से ढककर रखा जाए।
इस अवसर पर आयोग के सदस्य को जनपद के अन्य गौ आश्रय स्थलों के बारे में सामान्य जानकारी दी गई। निरीक्षण के समय गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल के साथ मुख्य पशु चिकित्साधिकारी बिजनौर डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी नजीबाबाद डॉ. सामन्त मनोहर सिंह, उप मुख्य पशु चिकितसाधिकारी धामपुर डॉ. प्रेम सिंह कोहली, भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष नकुल, नगर पालिका परिषद नजीबाबाद के अधिशासी अधिकारी के प्रतिनिधि आकाश तथा संबंधित केयर टेकर उपस्थित थे।