
बिजनौर, 16 मई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मानसून से पहले ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व ने अधिकारियों को बरसात से पूर्व ही समस्त कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसे लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
डीएम जसजीत कौर के निर्देश पर संभावित बाढ़ से पूर्व तैयारियों के परिप्रेक्ष्य में जनपद में चल रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के वित्तीय कार्यों, भौतिक सत्यापन एवं कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ अफजलगढ सिंचाई खण्ड धामपुर के नियंत्रणाधीन खो नदी के बांये किनारे स्थित तिपरजोत तटबन्ध की सुरक्षा हेतु कराये जा रहे कटाव निरोधक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
एडीएम अरविंद कुमार सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को समस्त कार्य मानसून से पूर्व समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविन्द कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता मध्य गंगा नहर निर्माण खंड-5 बिजनौर ब्रजेश कुमार मौर्य, उप जिलाधिकारी धामपुर ऋतु रानी, जिला आपदा विशेषज्ञ प्रशांत श्रीवास्तव ,सहायक अभियंता पुनीत कुमार अग्रवाल, जूनियर इंजीनियर राकेश भारद्वाज, नवीन शर्मा, चंद्रकुश चौहान एवं गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।