
– गोवर्धन मीडिया ब्यूरो

बिजनौर। गौ सेवा आयोग उत्तर प्रदेश लखनऊ के सदस्य दीपक गोयल शनिवार को बिजनौर पहुंचे, और जनपद के गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं पर क्षमता से अधिक पशु पाए गए तो, कहीं गंदगी नजर आई। गौशालाओं में इस तरह की अव्यवस्थाओं को देखकर गौ सेवा आयोग के सदस्य नाराज हुए। उन्होंने सभी गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश की उचित देखभाल, साफ-सफाई और चारे की पर्याप्त व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। और, संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि गौ आश्रय स्थलों में उचित व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जाए।
श्री दीपक गोयल ने सर्वप्रथम कान्हा गौ आश्रय स्थल-किरतपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, बिजनौर, उप जिलाधिकारी, नजीबाबाद, तहसीलदार नजीबाबाद, उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, चान्दपुर, पशुचिकित्सा अधिकारी, किरतपुर, पशुचिकित्सा अधिकारी, नूरपुर, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद किरतपुर आदि सहित पत्रकार बन्धु उपस्थित रहे। गौ आश्रय स्थल-किरतपुर में क्षमता से अधिक गौवंश संरक्षित पाए जाने पर समीप के ग्रामीण क्षेत्र में भूमि तलाश कर नवीन गौ आश्रय स्थल खोले जाने हेतु प्रस्ताव तैयार कराए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने गौ आश्रय स्थल पर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने, गौ शाला पर भूसे का कम-से-कम 10 दिनों का स्टॉक रखने, गौशाला से उत्पन्न होने वाले गोबर एवं अन्य उत्पादों का अभिलेखीकरण करते हुए उन्हें सुरक्षित रखे जाने हेतु निर्देशित किया।
किरतपुर के बाद गौ सेवा आयोग के सदस्य ने कान्हा गौ आश्रय स्थल बिजनौर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय गौ आश्रय स्थल में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक न पाए जाने पर उन्होंने रोष व्यक्त किया। उन्होंने गौशाला में काम करने वाले कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सफाई और चारे की व्यवस्था के साथ-साथ गोवंश की देखभाल की व्यवस्था को भी पुख्ता किया जाए। उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थलों को स्वाबलंबी बनाने के लिए गौ जनित उत्पाद जैसे गौकाष्ठ, बर्मी कम्पोस्ट का तैयार करने पर भी जोर दिया। गौ सेवा आयोग के सदस्य द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी गौ आश्रय स्थलों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। गौवंश के स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाए, साफ-सफाई रखें और गोवंश को प्रचुर मात्रा में हरा चारा एवं भूसा दिया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी बिजनौर, उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी चान्दपुर, पशुचिकित्सा अधिकारी नूरपुर, पशुचिकित्सा अधिकारी झालू, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद बिजनौर सहित कई पत्रकार बन्धु उपस्थित रहे।