
नालंदा, 23 मार्च 2025:
विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव (पीएसपी) एवं मुख्य पासपोर्ट अधिकारी डॉ. के. जे. श्रीनिवास तथा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), विदेश मंत्रालय की क्षेत्रीय निदेशक, सुश्री स्वधा रिज़वी, आईएफएस ने आज नव नालंदा महाविहार (एनएनएम) का दौरा किया। महाविहार के कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और संस्थान के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
अपने दौरे के दौरान, उन्होंने प्राचीन नालंदा स्थल और युआन च्वांग स्मारक भवन का भ्रमण किया। नालंदा के इतिहास विशेषज्ञ डॉ. अशोक सिंह ने उन्हें प्राचीन नालंदा महाविहार की समृद्ध शैक्षिक विरासत, इसके पाठ्यक्रम और चीनी यात्री युआन च्वांग के बहुमूल्य यात्रा वृत्तांतों के बारे में जानकारी दी।
डॉ. श्रीनिवास और सुश्री स्वधा रिज़वी ने नव नालंदा महाविहार द्वारा बौद्ध अध्ययन और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने भारत-बौद्ध सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भूमिका को रेखांकित किया और बौद्ध विद्वता एवं विरासत संरक्षण में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आईसीसीआर की प्रतिबद्धता दोहराई।